पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-21 से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला नीरा की नृशंस हत्या कर दी गई। शुरुआती तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वारदात को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि वर्षों से घर में काम कर रही घरेलू सहायिका (नौकरानी) ने अपने पति और बेटे के साथ मिलकर अंजाम दिया।
चोरी का विरोध करने पर वारदात, छत पर छुपाया शव:
मृतका नीरा का परिवार सेक्टर-21 में रहता था, जबकि उनके बच्चे विदेश में रहते हैं। सोमवार सुबह घर से कुछ गहने गायब होने पर जब नीरा पूछताछ करने नौकरानी के घर गईं, तो वे वापस नहीं लौटीं। शक होने पर जब पुलिस ने नौकरानी के पति से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सारा राज उगल दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पड़ोसी के मकान की छत पर टाइलों के नीचे छिपाकर रखा गया नीरा का शव बरामद किया। दूसरी छत पर छिपे नौकरानी और उसके बेटे को भी तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश और हथियार बरामद:
आरोपियों ने शातिराना अंदाज़ में वारदात के बाद घर के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे बंद कर दिए थे ताकि कोई सबूत न मिले। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल कस्सी और फावड़ा बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस चोरी गए गहनों के साथ-साथ मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।







