कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में रविवार देर रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। नलहाटी थाना क्षेत्र के हरिदासपुर गांव के पास बांस के मचान पर बैठकर बातचीत कर रहे तीन युवकों—विकी शेख, हबीबुल शेख और जानी शेख—पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। उन्होंने बिना किसी कहासुनी के युवकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में से विकी और जानी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर अस्पताल रेफर कर दिया है। सोमवार को जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से 10 कारतूस के खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर मामले को पुरानी या आपसी रंजिश से जोड़कर देख रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।







