बहादुरगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए रेलवे रोड स्थित कई दुकानों को निशाना बनाया। देर रात बदमाशों ने दुकानों में सेंध लगाकर नकदी और हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। शनिवार सुबह दुकानदार जब अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, देहाती तंबाकू भंडार के संचालक रवि कुमार जब सुबह दुकान पर पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी हुई मिली। चोर दुकान से हुक्के, कढ़ाई और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। इसी दौरान पास में स्थित अमित कुमार की दुकान से भी करीब आठ हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया।
चोरों ने दिव्या गारमेंट्स को भी नहीं छोड़ा। दुकान संचालक रघुबीर सिंह के अनुसार, बदमाश करीब चार हजार रुपये की नकदी और हजारों रुपये मूल्य के कपड़े लेकर फरार हो गए।
इसके अलावा बदमाशों ने सिंगला किरयाना स्टोर की छत तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, जबकि अग्रवाल तंबाकू भंडार की पिछली दीवार में भी सेंध लगाने का प्रयास किया गया। हालांकि इन दोनों दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दिया जा सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास से साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से रेलवे रोड के व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि इस इलाके में पहले भी कई बार ऐसी वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।







