अंबाला सिटी। हरियाणा के अंबाला शहर में एक फुटवियर गोदाम को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जूते-चप्पलों की चोरी का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की पूरी वारदात चार महिलाओं ने अंजाम दी, जो ई-रिक्शा से मौके पर पहुंचीं और गोदाम का ताला काटकर सामान लेकर फरार हो गईं। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, जैन बाजार स्थित पतासों वाली गली में संचालित फुटवियर गोदाम के मालिक सुनीत छाबड़ा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई की शाम गोदाम को बंद कर ताला लगाया गया था। अगले दिन दोपहर जब वह गोदाम पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर रखा बड़ी मात्रा में जूते-चप्पलों का स्टॉक गायब था।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में चार महिलाएं एक ई-रिक्शा से गोदाम के पास पहुंचती दिखाई दीं। इसके बाद उन्होंने ताला काटा और गोदाम से जूते-चप्पलों को बड़े-बड़े बोरों में भरकर ई-रिक्शा में लाद लिया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी महिलाएं मौके से फरार हो गईं।
शिकायत के आधार पर अंबाला सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौकी नंबर-3 के एएसआई महावीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ई-रिक्शा और चारों महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।







