भोपाल। भोपाल में वरिष्ठ अधिवक्ता के घर हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को सात महीने बाद अहम सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को जयपुर पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस को मामले से जुड़े अन्य फरार बदमाशों तक पहुंचने की उम्मीद है।
भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित सूरज नगर कॉलोनी में दिसंबर 2025 में हुई हाई-प्रोफाइल डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी शाहरुख कुरैशी को जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे झोटवाड़ा थाना क्षेत्र के नांगल पुलिया इलाके से दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा भी बरामद हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, 25-26 दिसंबर 2025 की रात हथियारबंद बदमाशों ने वरिष्ठ अधिवक्ता के घर में घुसकर बड़ी डकैती की थी। आरोपियों ने पहले घर की सुरक्षा में मौजूद पालतू कुत्तों को मांस खिलाकर शांत किया और फिर ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद नकदी और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में कुल 19 लोगों की संलिप्तता पाई थी। इनमें से घर की नौकरानी और उसके सहयोगियों समेत आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि इन लोगों ने घर की रेकी कर डकैतों को पूरी जानकारी उपलब्ध कराई थी।
जयपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी शाहरुख कुरैशी अपने साथियों के साथ शहर में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और डकैती के कई मामले पहले से दर्ज हैं और वह कई बार जेल भी जा चुका है।
पुलिस का कहना है कि शाहरुख कुरैशी की गिरफ्तारी के बाद भोपाल डकैती के मुख्य आरोपी वाजिद अली उर्फ वज्जू समेत अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। जल्द ही उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि लूटे गए माल की बरामदगी और पूरे गिरोह का नेटवर्क उजागर किया जा सके।







