बिहार। पटना में सीएमएस सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपये की लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गोपालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अपराधी को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार 13 मई को जोल बीघा इलाके में पांच बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर सीएमएस सिक्योरिटी वैन को रोककर 27 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के दौरान अपराधियों ने सुरक्षा गार्ड को गोली मारने की धमकी दी और कैश से भरा बक्सा लेकर फरार हो गए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी शुरू की थी। इसी बीच मंगलवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल अपराधी गोपालपुर थाना क्षेत्र के उदयिनी गांव में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने अन्य चार बदमाशों को पीछा कर पकड़ लिया।
पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की मोटरसाइकिल और कई खोखे बरामद किए हैं। वहीं लूट के बाद फरार होते समय बदमाशों द्वारा खेत में फेंका गया रुपयों से भरा बक्सा भी पहले ही बरामद किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।







