सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत में महिला विश्वविद्यालय से जुड़े जेई नीरज (52) का शव उनके घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब उनकी पत्नी शाम को घर लौटीं और उन्होंने यह दृश्य देखा। नीरज मूल रूप से झज्जर जिले के दुबलधन गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में रोहतक के सनसिटी इलाके में परिवार के साथ रह रहे थे।
सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, बाथरूम का दरवाजा खुला था और शव पंखे से लटका हुआ मिला। पत्नी की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, क्योंकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। घटना के समय उनकी पत्नी घर से बाहर थीं, जबकि बेटा लखनऊ में पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के शवगृह में भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







