Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले में छापेमारी के दौरान अचानक हुए बम धमाके से हड़कंप मच गया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, स्पेशल टास्क फोर्स की टीम दरभंगा में हुए चर्चित ज्वेलरी लूटकांड के सिलसिले में नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान देसी बम में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में पुलिसकर्मी आ गए।
अस्पताल में भर्ती, इलाके में सख्ती
घायल पुलिसकर्मियों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से दो को गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया और बम निरोधक दस्ता व फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई है।
2 करोड़ की ज्वेलरी लूट से जुड़ा मामला
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल को दरभंगा में एक ज्वेलरी दुकान में करीब 2 करोड़ रुपये की लूट हुई थी। इस वारदात में सैकड़ों ग्राम सोना, भारी मात्रा में चांदी और नकदी लूट ली गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब 44 लाख रुपये के आभूषण भी बरामद किए हैं। यह बरामदगी बेगूसराय के वृंदावन गांव से की गई थी, जहां गहनों को जमीन में छिपाकर रखा गया था।
जेल से रची गई थी साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस लूट की साजिश जेल में बंद अपराधियों द्वारा रची गई थी। उनके निर्देश पर 20 से अधिक लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अधिकांश आरोपी नए हैं और उनका कोई बड़ा आपराधिक इतिहास अब तक सामने नहीं आया है।







