देवास- उज्जैन रोड स्थित एक सिनेमाघर के बाहर सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब फिल्म देखकर बाहर निकले युवक और महिला को कुछ बदमाशों ने घेर लिया। आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक-युवती सिनेमा से बाहर निकल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने हमला कर दिया। सिनेमा परिसर में ही उनके साथ हाथापाई की गई, जिसके बाद उन्हें जबरदस्ती कार में डालकर ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने रास्तेभर दोनों के साथ मारपीट की और उन्हें दूसरे शहर ले गए। घटना के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि महिला ने हिम्मत दिखाते हुए मौके का फायदा उठाया और किसी तरह आरोपियों को पुलिस थाने तक ले जाने में सफल रही। वहां पहुंचते ही उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने अपहरण, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







