मनीमाजरा- चंडीगढ़ के मनीमाजरा इलाके में सुबह तड़के चोरी की दो घटनाओं से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात बदमाश एक वाहन में सवार होकर आए और कम समय में ही दो दुकानों को निशाना बनाकर फरार हो गए।
पहली घटना एक मेडिकल स्टोर में हुई, जहां आरोपियों ने शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कैश व अन्य कीमती सामान समेट लिया। इसके कुछ ही देर बाद पास ही स्थित एक किराना दुकान को भी निशाना बनाया गया, जहां से नकदी के साथ दैनिक उपयोग का सामान चोरी कर लिया गया।
पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों और दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।







