मुजफ्फरपुर। जिले के सरैया थाना क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का खून से सना शव बांस के झुरमुट में मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय राम बाबू राय के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के बेलसर क्षेत्र के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनकी हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। घटनास्थल पर खून के निशान मिलने से हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
परिजनों के अनुसार, राम बाबू राय मंगलवार रात तक घर के बाहर थे, लेकिन उसके बाद अचानक लापता हो गए। बुधवार सुबह उनका शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक बांस के झुरमुट में मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम को भी मौके पर बुलाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।







