मोहाली। सेक्टर-80 स्थित एक पीजी में रहने वाली 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने अब इस मामले में मृतका के लिव-इन पार्टनर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मृतका की पहचान अबोहर निवासी रिदीमा के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ महीनों से मोहाली में एक निजी कंपनी में कार्यरत थी और पीजी में रह रही थी। जानकारी के अनुसार, वह पिछले कुछ वर्षों से चंडीगढ़ में रहकर नौकरी कर रही थी।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती का लिव-इन पार्टनर ओम तरुण शिव उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप है कि वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और लगातार दबाव व धमकी देता था, जिसके चलते युवती काफी समय से तनाव में थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी पीजी छोड़कर चला गया। अगले दिन युवती ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसने घटना से पहले अपनी एक सहेली को फोन कर अपनी परेशानी भी साझा की थी।
मामले में मृतका की मां के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







