अमृतसर (पंजाब)- पंजाब के अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीमा पार से संचालित हथियार तस्करी और आतंक से जुड़े एक संदिग्ध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक AK-47 rifle, दो मैगजीन, 36 जिंदा कारतूस और तीन Glock 9mm pistol बरामद किए गए हैं।
जांच एजेंसियों के मुताबिक शुरुआती पड़ताल में पता चला है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए विदेश में बैठे संचालकों के संपर्क में थे, बताया जा रहा है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर उकसाने और भारत विरोधी सामग्री फैलाने का काम भी कर रहा था।
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है।
जिला पुलिस ने कहा कि आतंकवाद, अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।







