देहरादून। राजधानी में विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत के अनुसार, दो युवकों को सऊदी अरब भेजकर महीनों तक बिना वेतन के रखा गया और बाद में उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया गया।
नैनीताल निवासी राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि देहरादून की एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से उनसे संपर्क किया गया था। एजेंसी से जुड़े दो व्यक्तियों ने उन्हें और उत्तरकाशी निवासी एक अन्य युवक को सऊदी अरब में रेस्टोरेंट में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए उनसे मोटी रकम भी ली गई।
आरोप है कि सऊदी पहुंचने के बाद दोनों युवकों को करीब छह महीने तक एक कमरे में बैठाए रखा गया और कोई काम नहीं दिया गया। बाद में रेस्टोरेंट में काम शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही समय में वह भी बंद हो गया। इस दौरान किए गए काम का पूरा वेतन भी नहीं दिया गया।
पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने एजेंसी संचालकों से संपर्क किया तो उन्हें अपने खर्च पर भारत लौटने को कहा गया। परिजनों ने टिकट की व्यवस्था की, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के कारण उन्हें एयरपोर्ट से ही रोक दिया गया। आर्थिक तंगी और कानूनी स्थिति बिगड़ने पर दोनों ने वहां की पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उन्हें कुछ दिन हिरासत में रखा गया और फिर भारत भेज दिया गया।
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित एजेंसी संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लेन-देन और विदेश भेजने की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।







