लुधियाना (पंजाब)- लुधियाना में नवजात बच्ची की अवैध बिक्री के मामले ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला डॉक्टर सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जन्म के तुरंत बाद बच्ची का सौदा लाखों रुपये में तय किया गया था।
मामला थाना डिवीजन नंबर 3 क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 14 फरवरी को एक निजी नर्सिंग होम में बच्ची का जन्म हुआ था। इसके बाद कथित रूप से उसकी बिक्री की योजना बनाई गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने 15 फरवरी को कार्रवाई करते हुए नीली झंडा रोड के पास एक पार्क में छापा मारा, जहां नवजात को सौंपने की तैयारी चल रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बच्ची की मां, एक खरीदार महिला, बीएएमएस डॉक्टर और अन्य सहयोगियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नवजात का सौदा करीब 2.10 लाख रुपये में तय किया गया था। पुलिस ने इस मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण में संगठित नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं। फिलहाल नवजात को सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।







