इंदौर- इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एमआर-4 रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास राहगीरों ने खून से लथपथ हालत में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि धारदार हथियार से हमला किया गया हो सकता है। शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी मिले हैं, जिससे हमले के दौरान संघर्ष की संभावना जताई जा रही है। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
मृतक की पहचान खोजराम नारगे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ का निवासी था। वह इंदौर के पोलोग्राउंड औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करता था और पास ही किराए के कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि वह बुधवार रात ड्यूटी के बाद घर नहीं पहुंचा था, जिसके बाद साथियों ने उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस फैक्ट्री कर्मचारियों व परिचितों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने और साक्ष्य जुटने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।







