Kanpur Crime: कानपुर के शुक्लागंज क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कोतवाली गंगा घाट की पश्चिमी चौकी अंतर्गत मोहल्ला चंपा पुरवा के मनसुख खेड़ा इलाके में चोरों ने एक सेल्समैन के घर को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए।
बताया गया कि चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और भीतर रखी अलमारी का लॉकर भी तोड़ डाला। पीड़ित जयकुमार ठाकुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी उषा घर में ताला लगाकर अपने मायके मिश्रा कॉलोनी गई थीं।
करीब दो घंटे बाद जब वह वापस लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से कीमती जेवर गायब थे। पीड़ित के अनुसार, उनकी बेटी पूजा कानपुर में नौकरी करती है, जबकि बेटा कृष्ण कुमार दिल्ली में रहता है, ऐसे में घर पर उनकी पत्नी अकेली थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की वारदात कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







