जालंधर। लाजपत नगर इलाके में दिनदहाड़े एनआरआई महिला से हुई लूट की घटना में पुलिस जांच के बाद हैरान करने वाला सच सामने आया है। इस वारदात का सूत्रधार कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि पीड़िता का करीबी रिश्तेदार ही निकला। महिला के नाती ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पूरी लूट की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान गुरदीप सिंह, कृष्णा नेपाली और सोनू कुमार महतो के रूप में हुई है। तीनों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एडीसीपी सिटी-2 हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि आरोपी 14 जनवरी को महिला के घर में घुसे और वहां रखे सोने के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। लुटे गए सामान में सोने की चूड़ियां, टॉप्स, अंगूठी और करीब 18 हजार रुपये नकद शामिल थे।
जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी गुरदीप सिंह लंबे समय से नशे का आदी है और बेरोजगारी के चलते आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। घर में मौजूद कीमती गहनों की जानकारी होने के कारण उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। वारदात के बाद तीनों ने लूटी गई रकम और गहनों को बेचकर मौज-मस्ती और नशे में उड़ा दिया।
पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और आठ दिन की मेहनत के बाद उन्हें दबोच लिया। लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है, जबकि बाकी गहनों की रिकवरी के लिए पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी अहम खुलासे हो सकते हैं और जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है।







