मुजफ्फरपुर। जिले के कटरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागमती नदी के बांध के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव बांध के पास जमा पानी में उगी जलकुंभी के बीच फंसा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
यह मामला कटरा थाना क्षेत्र की धनौर पंचायत का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पास के गांव में कार्य कर रहे एक ग्रामीण की नजर बांध किनारे पोखरनुमा स्थान में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
शव कहीं और से लाकर फेंके जाने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। शव की पहचान को लेकर भी फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
सूचना मिलते ही कटरा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पहचान के प्रयास जारी
कटरा थाना प्रभारी ने बताया कि बागमती बांध के किनारे से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। शव की पहचान ग्रामीणों द्वारा नहीं की जा सकी है। विभिन्न थानों और आसपास के इलाकों में सूचना भेजकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







