कपूरथला। पंजाब के कपूरथला जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। सिनपुरा क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 48 वर्षीय हेमप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो हाल ही में विदेश से भारत लौटी थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर महिला के घर पहुंचे और जबरन अंदर घुस गए। घर के भीतर घुसते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने कुल चार राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली हेमप्रीत कौर को जा लगी, जबकि अन्य गोलियां दहशत फैलाने के उद्देश्य से चलाई गईं। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि अचानक हुई फायरिंग से पूरा घर दहल गया और कुछ ही पलों में आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि मृतका के पति और बेटा फिलहाल विदेश में रहते हैं, जबकि वह स्वयं कुछ समय पहले ही भारत आई थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर साक्ष्य जुटाए। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।







