फरीदकोट। जिले के बहुचर्चित गुरविंदर सिंह हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। हत्या की साजिश से जुड़े मामले में पुलिस ने चौथी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान खोखरां मोहल्ला निवासी वीरइंद्र कौर के रूप में हुई है, जो मोगा के एक कॉलेज में नर्सिंग की छात्रा है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वीरइंद्र कौर मृतक गुरविंदर सिंह की पत्नी और मुख्य आरोपी रूपिंदर कौर की करीबी सहेली है। जांच में सामने आया है कि वीरइंद्र कौर को हत्या की साजिश की पूरी जानकारी थी, लेकिन उसने इस बारे में पुलिस को सूचना नहीं दी और तथ्यों को छिपाए रखा। इसी आधार पर उसे मामले में आरोपी बनाया गया है।
गौरतलब है कि गुरविंदर सिंह की हत्या 28-29 नवंबर की रात फरीदकोट के गांव सुखणवाला स्थित उसके घर में की गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस ने मृतक की पत्नी रूपिंदर कौर को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने उसके प्रेमी हरकंवलप्रीत सिंह और उसके दोस्त विश्वजीत कुमार को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है। इसके साथ ही वारदात को लूट का रूप देने के लिए घर से हटाए गए सोने के गहने भी बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि चौथी आरोपी वीरइंद्र कौर की भूमिका जांच के दौरान सामने आई है। उन्होंने बताया कि वीरइंद्र कौर और मुख्य आरोपी रूपिंदर कौर 12वीं कक्षा तक साथ पढ़ चुकी हैं और आपस में नजदीकी संबंध रहे हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि साजिश में उसकी भूमिका कितनी गहरी थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।







