विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल पर अमृत दालम ग्रुप का नाम लेकर जान से मारने की धमकी
लुधियाना। पंजाब में रंगदारी गैंग एक बार फिर सक्रिय होते दिखाई दे रहे हैं। बड़े कारोबारियों और प्रतिष्ठित दुकानदारों को धमकी भरे फोन आने की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी कड़ी में लुधियाना के एक नामी ज्वैलर को अमृत दालम ग्रुप के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगकर जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल पर दी गई, जिसके बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को शिकायत सौंपी।
थाना डिवीजन–7 पुलिस ने विश्वकर्मा नगर, ताजपुर रोड निवासी सचिन वर्मा की शिकायत पर अमृत दालम ग्रुप के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉल डिटेल और नंबर की लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है।
पीड़ित ज्वैलर सचिन वर्मा ने बताया कि वह ताजपुर रोड और राहों रोड पर दो अलग-अलग स्थानों पर गोल्ड ज्वैलरी का व्यवसाय चलाते हैं। 4 दिसंबर को उनके वॉट्सऐप नंबर पर एक विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अमृत दालम ग्रुप का सदस्य बताते हुए एक करोड़ रुपये की डिमांड की और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। धमकी से घबराकर उन्होंने अपने परिवार को जानकारी दी और तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच तेज कर दी गई है। वॉट्सऐप कॉल की तकनीकी जांच जारी है और कॉल करने वाले की पहचान जल्द सामने आने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।







