नाबालिग ने एंबुलेंस में दिया बच्चे को जन्म – नवजात की छह दिन बाद मौत
पंजाब। फिल्लौर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 14 साल की एक नाबालिग बच्ची ने रास्ते में ही एंबुलेंस के अंदर बच्चे को जन्म दिया। परिजनों ने बताया कि जन्म के कुछ दिनों बाद नवजात की मौत हो गई। इस पूरे मामले में बच्ची ने एक शख्स पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
परिवार के अनुसार बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ी तो मामा उसे एंबुलेंस में लेकर सिविल अस्पताल जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही बच्ची ने बच्चे को जन्म दे दिया। डॉक्टरों ने बच्ची की नाजुक हालत देखते हुए उसे इलाज के लिए जालंधर भेज दिया। छह दिन बाद नवजात की मौत हो गई। परिवार ने बच्चे को श्मशानघाट में दफना दिया।
इधर पुलिस ने बच्ची के बयान दर्ज किए। बच्ची ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति खराब होने पर परिवार ने उसे एक मकान में काम पर लगा दिया था, जहां एक शख्स उस पर कई बार जबरन गलत हरकतें करता रहा। बच्ची के अनुसार डर और धमकी के कारण वह किसी को कुछ बता नहीं सकी। बाद में वह गर्भवती हो गई।
पुलिस ने परिवार के साथ श्मशानघाट पहुँचकर गाढ़े गए नवजात के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिल्लौर पुलिस ने शोषण के आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहराई से जांच जारी है।







