शुरुआत में सड़क हादसा बताई गई मौत, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
हरियाणा। कलोई गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जमीन विवाद के चलते एक बेटे ने अपने पिता खजान और बड़े भाई संजय की हत्या कर दी और बाद में गुपचुप तरीके से उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया। शुरुआत में इसे सड़क हादसे में मौत बताया गया था, लेकिन पुलिस की जांच के बाद यह खुलासा हुआ कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि सावधानीपूर्वक की गई हत्या थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पिता खजान और उनके तीन बेटे – संजय, अनिल और अशोक – के बीच जमीन बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, घर में अक्सर झगड़े होते थे। इसी विवाद और रंजिश में अशोक ने अपने पिता और बड़े भाई संजय को खेत में ले जाकर अपने साथियों के साथ जला दिया। घटना के बाद अशोक ने खुद ही अंतिम संस्कार कर सारा मामला छिपाने की कोशिश की।
दुलीना पुलिस ने एएसआई प्रवीण की शिकायत पर अशोक और अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दुलीना चौकी प्रभारी रविंद्र ने पुष्टि की कि आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की आगे की जांच जारी है।







