हरियाणा। मुलाना के धीन गांव में 17 वर्षीय नाबालिग माही की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी सचिन ने ढाई साल पहले बच्ची को घर से भगाया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
माही की मां का आरोप है कि आरोपी के खिलाफ शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। बेटी से मिलने के लिए वह मुलाना पुलिस के पास भटकती रहीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः मां को अधिवक्ता अंजू शर्मा के माध्यम से कोर्ट का रुख करना पड़ा, जिसके सख्त आदेशों के बाद पुलिस ने आरोपी की खोज शुरू की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी सचिन और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सचिन ने माही की हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
माही की मां ने बताया कि वह साहा में काम करती थीं और माही उस समय आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। ढाई साल पहले आरोपी सचिन ने माही को बहला-फुसलाकर भगाया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उस समय बेटी को वापस भी कर दिया था, लेकिन लिव-इन रिश्ते की बात कहकर आरोपी के पास भेज दिया। कुछ ही दिनों बाद माही से संपर्क टूट गया और बाद में उसकी हत्या का राज सामने आया।







