फोरेंसिक टीम और क्राइम यूनिट ने घटनास्थल से जुटाए सबूत, जांच जारी
हरियाणा। खरखौदा बाइपास पर थाना कलां चौक के पास शुक्रवार सुबह बड़ा सनसनीखेज वारदात सामने आई। स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने बाइक पर जा रहे पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद जब हमलावर भागने लगे तो उनकी स्कॉर्पियो फ्लाईओवर की रेलिंग से टकरा गई। घबराए बदमाश वहीं से गुजर रहे एक युवक की बाइक छीनकर फरार हो गए।
मृतक की पहचान गांव गोपालपुर निवासी धर्मबीर और उनके बेटे मोहित के रूप में हुई है। दोनों सुबह करीब पौने दस बजे किसी काम से खरखौदा की ओर जा रहे थे। तभी स्कॉर्पियो से आए तीन से चार हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दीं। मौके पर भगदड़ मच गई।
सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस, क्राइम यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि मोहित पर पहले भी जानलेवा हमला हो चुका था और उस पर गांव के ही एक युवक की हत्या का आरोप था। पुलिस को शक है कि यह वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है।







