मोहाली (खरड़)- मोहाली के खरड़ इलाके में एक सोसाइटी के फ्लैट में रविवार तड़के हुए झगड़े ने एक युवक की जान ले ली। शराब पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद में एक युवक ने अपने दोस्त को गोली मार दी। गोली सीधे सिर में लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया है।
घटना विला प्लाजियो सोसाइटी (खानपुर) की है। मृतक की पहचान शिवांस राणा (निवासी – ऊना, हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है, जो बीसीए का छात्र था। आरोपी की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ हैरी, निवासी ऊना, के तौर पर हुई है, जो हाल ही में खरड़ में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात फ्लैट में कुछ युवक शराब पार्टी कर रहे थे। रात करीब 5 बजे के आसपास किसी बात को लेकर शिवांस और हरविंदर के बीच झगड़ा हो गया। बात बढ़ी तो हरविंदर ने पिस्तौल निकाली और शिवांस की कनपटी पर गोली चला दी।
गोली लगते ही शिवांस गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फ्लैट में मौजूद अन्य युवकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डीएसपी कर्ण संधू और थाना सिटी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फ्लैट में मौजूद अन्य युवकों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पार्टी में शामिल सभी युवक हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के निवासी हैं।







