डीजे पर डांस को लेकर कहासुनी ने ली जान, आरोपी फरार
पंजाब। लुधियाना के मोती नगर स्थित फौजी कॉलोनी में देर रात मूर्ति पूजा के दौरान पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। कुछ युवकों ने 20 वर्षीय मोनू कुमार पर पहले हमला किया और फिर परिवार के सामने गोली मार दी। घायल मोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के दौरान आरोपियों ने मोनू के मामा की भी बेरहमी से पिटाई की और मौके से फरार हो गए।
क्या हुआ था घटनास्थल पर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फौजी कॉलोनी में मूर्ति पूजा के दौरान डीजे बज रहा था। इसी दौरान डांस को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपियों ने जानबूझकर हंगामा किया। जब मोनू ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो झगड़ा बढ़ गया। आरोपियों ने मोनू की जमकर पिटाई की और फिर गोली चला दी। गोली मोनू के पेट में लगी जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
परिवार की आंखों के सामने वारदात
घटना के समय मोनू का पूरा परिवार मौजूद था। मोनू के मामा गुड्डू जब दशहरा मेले से लौटकर मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी बुरी तरह पीटा। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना पाकर पुलिस अधिकारी और थाना मोती नगर की टीम मौके पर पहुंची। मोनू को पहले ही परिवार अस्पताल ले गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कई ठिकानों पर छापेमारी की गई है।
मोनू की पृष्ठभूमि और आरोप
मूल रूप से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) निवासी मोनू लुधियाना में किराने की दुकान चलाता था। परिवार का आरोप है कि मोहल्ले के पप्पू, पवन और सौरभ के साथ उसकी पुरानी रंजिश थी। मोनू की मां सीमा देवी ने कहा कि आरोपी नशा तस्करी में शामिल हैं और इसी वजह से उनका अक्सर टकराव होता रहता था।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







