गाजियाबाद- लोनी क्षेत्र के ट्रॉनिका सिटी थाना अंतर्गत पावी सादकपुर में शुक्रवार शाम एक युवक के साथ गंभीर मारपीट की घटना सामने आई है। स्थानीय निवासी कामिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इमरान के कार्यालय में कार्यरत हैं और घटना के समय वह ऑफिस के पास एक मिस्त्री से वाहन की मरम्मत करवा रहे थे। इसी दौरान खुशहाल पार्क निवासी मोमिन, यासीन काना और मोमिन के दो भतीजे एक ऑटो में वहां पहुंचे।
कामिल का आरोप है कि चारों ने उसे जबरन ऑटो में बैठाया और चांद मार्केट की ओर ले गए। वहां ले जाकर उन्होंने लाठी, धारदार हथियार और असलहों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। इस दौरान उसका मोबाइल फोन और नकदी भी गायब हो गई।
लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुटी है।







