रेवाड़ी। हरियाणा के बखापुर गांव में मंगलवार रात एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रोशनलाल के रूप में हुई है, जो गांव में एक तेल की दुकान चलाते थे। इस जघन्य वारदात को गांव के ही निवासी रवि उर्फ विक्की ने अंजाम दिया, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
दुकान में सोते समय किया गया हमला
पुलिस के अनुसार, वारदात उस समय हुई जब रोशनलाल अपनी दुकान के अंदर सो रहे थे। आरोपी रवि ने मौके पर पहुंचकर ईंट से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
बावल के डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने प्रेस वार्ता में बताया कि हत्या की वजह आपसी रंजिश रही। आरोपी रवि को शराब की लत थी और मृतक के भतीजे भूपेंद्र ने उसे कई बार इस आदत को लेकर टोका था। इसी बात को लेकर रवि ने रोशनलाल से बदला लेने का मन बना लिया।
पारिवारिक स्थिति
रोशनलाल चार भाइयों में सबसे बड़े थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्होंने अपने छोटे भाई के बेटे भूपेंद्र को गोद लिया हुआ था। गांव में सभी उन्हें सम्मान की नजर से देखते थे।
गांव में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
हत्या के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम व आगे की कार्रवाई
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है और पुलिस ने हत्या, साजिश व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। रवि से पूछताछ जारी है और केस की सभी एंगल से जांच की जा रही है।







