फार्च्यूनर कार सवार बदमाशों ने अस्पताल तक पीछा कर किया हमला
अंबाला। अनाज मंडी के पास पुल से उतरते समय दो युवकों पर एक सनसनीखेज हमला हुआ। बदमाशों ने फार्च्यूनर कार में सवार होकर पहले स्कूटी में टक्कर मारी और फिर धारदार हथियारों से दोनों को बुरी तरह घायल कर दिया। गंभीर चोटों के बावजूद जब पीड़ित सिविल अस्पताल उपचार के लिए पहुंचे, तब भी बदमाश उनके पीछे अस्पताल तक पहुँच गए और वहां दोबारा हमला करके फरार हो गए।
पीड़ितों में अंबाला सिटी निवासी संजीव अहूजा और रवि सेठी शामिल हैं, जिन्हें गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों के भाई राजीव ने बताया कि यह हमला पड़ोसियों के साथ स्कूटी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के बाद किया गया। उन्होंने कहा कि अग्रसेन चौक के पास पुल से उतरते समय अचानक फार्च्यूनर कार सवार बदमाशों ने दो बार उनकी स्कूटी में टक्कर मारी और धारदार हथियार से हमला किया।
मौके पर पुलिस और पीड़ितों के परिजन तुरंत पहुँच गए। सदर थाना क्षेत्र की पुलिस ने दोनों घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शहर में इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है। पीड़ितों के परिजनों से बात करने मेयर प्रतिनिधि और मनोनीत पार्षद संदीप सचदेवा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की पूरी जानकारी ली। परिजन चाहते हैं कि पुलिस इस मामले में सख्त कार्रवाई करे।







