मुंह से खून और हाथ-पांव पर खरोंच के निशान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
देहरादून। राजधानी के बसंत विहार क्षेत्र से सोमवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया। चाय बागान इलाके में एक प्लास्टिक के कट्टे से युवती का शव बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर के आदर्श विहार इलाके में स्थानीय लोगों ने संदिग्ध अवस्था में एक प्लास्टिक कट्टा देखा। शक होने पर जब उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंची टीम ने कट्टा खोला। अंदर युवती का शव मिलने पर लोग दहशत में आ गए।
पुलिस के अनुसार शव पर गहरे चोट के निशान तो नहीं मिले, लेकिन युवती के मुंह से खून निकल रहा था और हाथ-पांव पर हल्की खरोंचें पाई गईं। आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत कुछ घंटे पहले हुई होगी। हालांकि, अब तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी। वहीं थाना बसंत विहार पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि शव वहां कब और किसने फेंका।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।







