भोपाल – अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय पीड़िता शहर के मंडीदीप इलाके में स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। करीब दो वर्ष पहले उसकी पहचान एक युवक से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जिसकी पहचान अशोका गार्डन निवासी तुशांक के रूप में हुई है। बातचीत के सिलसिले ने धीरे-धीरे मुलाकातों का रूप लिया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती गईं।
युवती का आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा देकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ संबंध बनाए और फिर यह सिलसिला लगभग डेढ़ वर्ष तक चलता रहा। जब पीड़िता ने विवाह को लेकर बात की, तो युवक ने इंकार कर दिया और संपर्क तोड़ने लगा।
इस पर पीड़िता ने साहस जुटाकर अयोध्या नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







