नशे की लत पूरी करने के लिए देते थे वारदात को अंजाम
रानीपोखरी। थानों रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान से कीमती मूर्ति, पानी की मोटर और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो नेपाली मूल के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों दिहाड़ी मजदूर हैं और नशे के आदी बताए जा रहे हैं।
घटना 11 अगस्त की है, जब कुडियाल, थानों, रानीपोखरी निवासी तेजपाल सिंह कृषाली ने पुलिस को तहरीर दी कि उनके रामनगर डांडा स्थित निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सामान चुरा लिया। शिकायत पर पुलिस ने धारा 305(2)/331(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की और संदिग्धों का सत्यापन किया। चेकिंग के दौरान सूर्यधार रोड तिराहा, रानीपोखरी के पास पुलिस ने एक संदिग्ध पल्सर मोटरसाइकिल (UK-AU-7188) को रोकने का प्रयास किया, लेकिन सवार भागने लगे। पीछा कर दोनों को मौके पर गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की पहचान जनक राज (25) पुत्र कृष्णा राज और अमित कुमार (25) पुत्र मोहन लाल के रूप में हुई, जो वर्तमान में मालदेवता, रायपुर, देहरादून में रह रहे थे। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना कबूल कर ली। उनके पास से चोरी की गई मूर्ति, मोटर और नकदी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।







