हरियाणा – गांव अचीना में एक 31 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला ने कथित तौर पर मच्छर मारने वाली दवा (ऑलआउट) का सेवन किया था।
मृतका की पहचान वर्षा, निवासी गांव जहाजगढ़, के रूप में हुई है, जिसकी शादी 12 साल पहले अचीना गांव के राजेश से हुई थी। दंपति के तीन बच्चे—दो बेटियां और एक बेटा हैं।
मायके पक्ष ने ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
घटना की सूचना मिलते ही वर्षा के परिजन जहाजगढ़ से अचीना पहुंचे। महिला के भाई पवन ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वर्षा काफी समय से ससुराल में प्रताड़ना झेल रही थी और इसी के चलते उसने यह कदम उठाया। पवन के अनुसार, गुरुवार सुबह उन्हें फोन पर जानकारी मिली कि वर्षा ने जहरीली दवा पी ली है, जिसके कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पति पर किया केस दर्ज
पुलिस ने वर्षा के भाई की शिकायत के आधार पर पति राजेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी एसआई हरेंद्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







