भिवानी। शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर चाचा-भतीजे पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में 26 वर्षीय लक्की उर्फ विशाल की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
घटना क्राउन प्लाजा के पास उस वक्त हुई, जब दोनों पक्षों को फोन कर समझौते के लिए बुलाया गया। मौके पर पहुंचे लक्की और नरेश पर आरोपियों ने बर्फ तोड़ने वाले सूए और चाकू से हमला कर दिया। घायल अवस्था में दोनों को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने लक्की को मृत घोषित कर दिया। नरेश को भर्ती कर इलाज जारी है।
घायल नरेश ने बताया कि हमलावरों ने पहले उन्हें गालियां दीं और फिर फोन कर बातचीत के बहाने बुलाया। जब वे दुकान बंद कर पहुंचे, तो आरोपियों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया और उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी देवेंद्र ने बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। घायल नरेश की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ हत्या और हमले का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।







