मध्यप्रदेश। इंदौर में क्राइम ब्रांच को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली हैं। टीम ने गांजा तस्करी के मामले में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 1.6 किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपी सस्ते में मादक पदार्थ खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
निजी कंपनी का ऑपरेटर है आरोपी
क्राइम ब्रांच इंदौर ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को एक युवक को गांजे की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान तरुण तालुकदार के रूप में हुई है, जो द्वारकापुरी क्षेत्र का निवासी है और एक निजी कंपनी में ऑपरेटर के रूप में काम करता है।
चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ा गया
एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि टीम केसरबाग रोड पर नियमित चेकिंग कर रही थी, तभी नालंदा परिसर के पास एक युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक के पास से 1.597 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है।
अवैध कारोबार करने की वजह पैसा कमाना
पूछताछ में पता चला कि आरोपी तरुण ने केवल 12वीं तक पढ़ाई की है और जल्दी पैसा कमाने की चाह में नशे के अवैध कारोबार में उतर गया था। वह गांजा सस्ते दामों पर खरीदकर नशे के आदी युवाओं को ऊंची कीमत पर बेचता था। पुलिस ने उसके पास से गांजा और एक बाइक जब्त कर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।







