जालंधर (पंजाब): शहर के वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के घास मंडी इलाके में मंगलवार को एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। राहुल नामक युवक की उसके ही दोस्तों द्वारा सरेआम चाकू से हत्या कर दी गई। उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे वह मौके पर ही दम तोड़ गया।
राहुल, बस्ती शेख चौक के पास अपने मित्रों संग मौजूद था। किसी मामूली विवाद ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए, जिससे इलाके में डर और सनसनी फैल गई।
घटना की पूरी फुटेज पास के एक जिम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। थाना-5 पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फुटेज और कैमरे की डीवीआर जब्त कर ली है। इंस्पेक्टर साहिल चौधरी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में टीमों को लगाया गया है।







