बिहार। शेखपुरा जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नवजात शिशु के पास सो रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का शक जताया जा रहा है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जांच शुरु कर दी है।
25 दिन का नवजात बगल में मिला सुरक्षित
जिले के सिरारी थाना क्षेत्र स्थित गुनहेसा गांव में रविवार रात घर में सो रही 25 वर्षीय महिला सारो देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने 25 दिन के नवजात बेटे के साथ सो रही थी। बच्चा पूरी तरह सुरक्षित मिला, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया है। मृतका की पहचान विशुन मांझी की बहू और कांग्रेस मांझी की पत्नी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं, वहीं पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
प्रेम प्रसंग का हो सकता है मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी रोहित नामक युवक का महिला से पहले संपर्क था। वह अक्सर उससे मिलने आता था। इसी आधार पर लखीसराय जिले के रामपुर गांव निवासी रोहित को हिरासत में लिया गया है। एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।







