पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आरोपियों की तलाश में टीमें गठित
नीमराणा। राजस्थान के नीमराणा में देर रात राजनीतिक रंजिश से जुड़ी एक बड़ी वारदात सामने आई, जब अज्ञात हमलावरों ने बीजेपी किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नरदेव पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में उनके साथ मौजूद अक्षय नामक युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना श्रीश्याम पीजी गेस्ट हाउस के बाहर की है, जहां दो गाड़ियों में सवार बदमाशों ने नरदेव पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। नरदेव को दो गोलियां लगीं, जबकि फायरिंग की चपेट में आने से अक्षय भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल नीमराणा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी शालिनी राज मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। घायल अक्षय ने बताया कि हमलावर एक स्थानीय कंपनी में ठेके पर काम करते हैं, हालांकि उनकी पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हमलावर वारदात के बाद मौके पर खड़ी एक स्विफ्ट कार में भी तोड़फोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एएसपी शालिनी राज के मुताबिक, हमले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।







