हमले के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, प्रशासन से की आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग; अधिकारियों ने जांच और सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
मध्य प्रदेश। छिंदवाड़ा जिले के तुइयापानी गांव में एक आदिवासी परिवार के साथ हुई मारपीट की घटना ने इलाके में गुस्से की लहर दौड़ा दी। घटना के सामने आते ही दर्जनों ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।
स्थिति को बिगड़ते देख प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आई। एडिशनल एसपी आयुष गुप्ता, तहसीलदार समेत चौरई, हर्रई और जुन्नारदेव थानों की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि पीड़ितों की शिकायत दर्ज की जा चुकी है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एडिशनल एसपी आयुष गुप्ता ने बताया कि घटना गंभीर है और पुलिस ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया है। दोषियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी और गांव में पूरी तरह शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
हालांकि ग्रामीणों में घटना को लेकर गुस्सा बरकरार है, फिर भी प्रशासन की अपील पर उन्होंने संयम बरतते हुए प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस पूरी घटना ने एक बार फिर आदिवासी समुदाय की सुरक्षा और गरिमा से जुड़े अहम मुद्दों को सतह पर ला दिया है।







