पीसांगन क्षेत्र में लापता हुई किशोरी को पुलिस ने सुरक्षित किया बरामद, SC/ST और POCSO एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
अजमेर। पीसांगन थाना क्षेत्र में लापता हुई एक दलित किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रमेश बागरिया (22 वर्ष) निवासी पुष्कर और सोनू उर्फ युवराजसिंह रावत (20 वर्ष) निवासी कानस गांव के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद जेल भेजने के आदेश दिए गए।
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय मीणा के अनुसार, 18 जून को किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर किशोरी का पता लगाया और उसे बाल कल्याण समिति अजमेर के सामने प्रस्तुत किया गया। इसके बाद, विधिक प्रक्रिया पूरी कर किशोरी को परिवार को सौंप दिया गया।
मामले की जांच में यह सामने आया कि घटना में अपहरण के साथ-साथ SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और पोक्सो एक्ट की धाराएं भी लागू होती हैं। जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और साक्ष्य आधारित अनुसंधान करते हुए दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया। अब मामले की आगे की जांच अजमेर ग्रामीण वृत्ताधिकारी रामचंद्र चौधरी को सौंपी गई है।







