पिता और दूसरी बेटी की हालत गंभीर
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नूरपुर थाना क्षेत्र के टेंडरा गांव में आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव ने एक परिवार को इस कदर तोड़ दिया कि उसने सामूहिक रूप से आत्महत्या का प्रयास किया। परिवार के चार सदस्यों ने जहर खा लिया, जिसमें मां रमेशिया (42) और बड़ी बेटी अनीता (19) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पिता पुखराज और छोटी बेटी सुनीता की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह परिवार लंबे समय से साहूकारों से लिए गए कर्ज और बढ़ते ब्याज के चलते मानसिक तनाव में था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आए दिन होने वाली धमकियों और आर्थिक तंगी ने परिवार को इस भयावह कदम के लिए मजबूर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि पीड़ितों के बयान और परिस्थितियों के आधार पर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।







