नवादा। नहर के किनारे एक युवक का शव मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। मृतक के चाचा ने हत्या का आरोप लगाया है। वारसलीगंज थानाक्षेत्र के जियापुर गांव के पास नहर किनारे एक युवक की लाश को पुलिस ने बरामद किया है। आशंका है कि पीट-पीट कर युवक की हत्या की गई है। मृतक युवक की पहचान मुकेश चौहान (20) के रूप में की गई है। मृतक के चाचा वाल्मीकि चौहान ने कहा कि एक व्यक्ति खेत में काम करने को लेकर लगातार दबाव बना रहा था। तीन दिन से लगातार घर पर आकर खेत में काम करने के लिए कह रहा था। लेकिन मुकेश चौहान ने काम करने से मना कर दिया था।
आशंका जताई जा रही है कि पीट-पीट कर मुकेश की हत्या कर दी गई है। हत्या की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक युवक का शव घर से काफी दूर नहर किनारे मिला है। पुलिस ने मामले की विशेष जांच शुरू कर दी है। वहीं, हत्या की जानकारी मिलते ही नवादा के पुलिस कप्तान के आदेश पर फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। साथ ही पकरीबरावां एसडीपीओ महेश चौधरी घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। उसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई। स्पेशल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। डीएसपी महेश चौधरी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस हर पहलू पर जांच करेगी।







