मुख्य आरोपी इंसाफ और रेहान की तलाश तेज, टीमें गठित कर छापेमारी शुरू
कोटा। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश खूनी वारदात में बदल गई। न्यू मोटर मार्केट इलाके में कार सर्विस सेंटर के बाहर एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला हुआ, जिसके दो दिन बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृत युवक की पहचान किशोरपुरा निवासी आसिफ कालिया (फल-फ्रूट विक्रेता) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मुख्य आरोपियों इंसाफ, रेहान सहित अन्य बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
परिजनों के मुताबिक आसिफ अपनी कार की सर्विस करवाने के लिए गया था और रात में उसे लेने पहुंचा, तभी पहले से घात लगाए 8-10 बदमाशों ने उस पर कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से हमला किया। फायरिंग की भी बात सामने आई है। हमलावर उसे मृत समझकर भाग निकले। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस प्रारंभिक जांच में इस वारदात को पुराने विवाद से जोड़कर देख रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।







