बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के एक भेड़ पालक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। यह वारदात थाना शाहतलाई क्षेत्र के तहत आने वाले मल्होट इलाके में सामने आई, जहां करीब 45 वर्षीय चरवाहे की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति के संदिग्ध हालत में मृत पाए जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक कुछ दिन पहले ही अपनी भेड़ों के साथ इलाके में अस्थायी रूप से डेरा डालकर रह रहा था।
जांच के दौरान पुलिस को अंदेशा हुआ कि हमलावर ने गर्दन पर तेजधार हथियार से वार कर उसकी हत्या की है। बताया जा रहा है कि मृतक और संदिग्ध आरोपी दोनों ही गद्दी समुदाय से जुड़े भेड़ पालक हैं और एक-दूसरे को जानते थे।
घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम सबूत इकट्ठा किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







