बठिंडा (पंजाब) – बठिंडा में नशा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक जिम ट्रेनर को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 350 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सिविल लाइन के एसएचओ रविंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को पुलिस टीम धोबीआना इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पैदल जाता हुआ दिखाई दिया। शक के आधार पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 350 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी की पहचान ओमकार सिंह के रूप में हुई, जो पेशे से जिम ट्रेनर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी से बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी नशे की खेप लाने में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह चिट्टा कहां से लाता था और शहर में किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था।
जानकारी के अनुसार आरोपी जिम में ट्रेनर का काम करता था, लेकिन अधिक पैसा कमाने की चाह में वह नशा तस्करी के धंधे में शामिल हो गया। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।







