दरअस्ल गोसाइगंज थानाक्षेत्र के गोसाई का पुरवा में 4 फरवरी को शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव सडक़ किनारे पड़ा देखा था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान द्वारिकागंज चौकी अंतर्गत महमूदपुर निवासी कुलदीप कुमार (35) पुत्र राम करन के रुप में की थी। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए थे। मृतक की पत्नी पूजा ने थाने में तहरीर दिया था। पत्नी का आरोप था कि 3 फरवरी की रात 9 बजे किसी ने फोन करके पति को बुलाया था। रात में घर से निकलने के बाद वे लौटे नहीं और सुबह उनकी मौत की सूचना मिली। पत्नी ने बताया कि सिर पर गंभीर चोट लगी है, जिससे लग रहा है उनकी हत्या की गई है। इस मामले में पुलिस ने सीडीआर चेक किए तो पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचना आसान हो गया।
दरअस्ल कुलदीप की पत्नी पूजा का हरीश पुत्र सुग्रीव निवासी नानेमऊ थाना मोतिगरपुर के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। ऐसे में रोड़ा बन रहे कुलदीप को रास्ते से हटाने के लिए पूजा व हरीश ने मिलकर ताना बाना बुना और फिर हरीश ने साथी आनंद उर्फ प्रिंस निवासी दुल्लापुर थाना दोस्तपुर के साथ मिलकर कुलदीप की हत्या की। फिर शव को गोसाई का पुरवा में सडक़ किनारे फेक कर सडक़ दुर्घटना दिखाने की कोशिश की। मृतक कुलदीप के दो बच्चे रियांश (7) और प्रियांश (5) हैं। पुलिस ने जहां इन बच्चों की मां को गिरफ्तार किया है वही उसके प्रेमी हरीश और सहयोगी आनंद को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को जेल भेजा गया है।







